राष्ट्रपति डाक्टर हसन रूहानी ने भारत के केन्द्रीय शहरी विकास एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से भेंट में कहा कि ईरान और भारत के प्राचीन, ऐतिहासिक और मैत्रीपूर्ण संबंधों के अतीत के दृष्टिगत इस बात में तनिक भी संदेह नहीं है कि दोनों राष्ट्रों के मध्य संबंध दिन प्रतिदिन विस्तृत होंगे।
राष्ट्रपति ने पूरब से पश्चिम तथा दक्षिण से उत्तर जाने के लिए ईरान की बेहतरीन भौगोलिक स्थिति की ओर संकेत करते हुए कहा कि ईरान, ट्रांज़िट और पूर्वी यूरोप, काकेशिया और केन्द्रीय एशिया के क्षेत्रों की ओर भारतीय रेल को पहुंचाने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। डाक्टर हसन रूहानी ने कहा कि ईरान, विदेशी पूंजीनिवेशों को आकर्षित करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि तेहरान और नई दिल्ली के संयुक्त हित हैं और दोनों देश आर्थिक व व्यापारिक संबंधों को विस्तृत करने के साथ राजनैतिक तथा अंतर्राष्ट्रीय मामलों में भी सहयोग विस्तृत कर सकते हैं।राष्ट्रपति रूहानी ने कहा कि तेहरान और नई दिल्ली, क्षेत्र की कुछ संस्थाओं और संगठनों के प्रभावशाली सदस्य हैं और युद्धों तथा झड़पों को समाप्त करने एवं आतंकवाद और चरमपंथ से मुक़ाबले के लिए आपस में विस्तृत सहयोग कर सकते हैं। इस अवसर पर भारत के केन्द्रीय शहरी विकास एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने भी भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लिखित संदेश राष्ट्रपति को सौंपते हुए दोनों देशों के संबंधों को ऐतिहासिक व प्राचीन बताया और कहा कि भारत, चाबहार बंदरगाह के विकास के लिए पूर्ण रूप से तैयार है।