ईरान की संसद ने कहा है कि इस देश की परमाणु गतिविधियां और परमाणु वार्ता, क्षेत्र के लिए ख़तरा नहीं है।
ईरान की संसद में राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति आयोग के प्रवक्ता ने कहा है कि देश की परमाणु गतिविधियां और परमाणु वार्ता, मध्यपूर्व के लिए ख़तरा नहीं है। हुसैन नक़वी हुसैनी ने मंगलवार को ईरान तथा गुट पांच धन एक के बीच संभावित समग्र समझौते के बारे में फ़्रांस के राष्ट्रपति और सऊदी अरब के शासक के वक्तव्य की ओर संकेत करते हुए कहा कि इस प्रकार की बातें, क्षेत्र में ईरान को ख़तरे के रूप में दर्शाने के ज़ायोनी षड्यंत्र का ही भाग हैं। इसके माध्यम से वे यह दर्शाने का प्रयास कर रहे हैं कि ईरान की परमाणु गतिविधियां और समग्र परमाणु समझौता मानो, मध्यपूर्व के देशों के लिए ख़तरनाक होगा। हुसैन नक़वी हुसैनी ने स्पष्ट किया कि ईरान की शांतिपूर्ण परमाणु गतिविधियां किसी भी स्थिति में क्षेत्र के लिए ख़तरा नहीं हैं बल्कि इनका लक्ष्य शांतिपूर्ण है। उन्होंने कहा कि ईरान, परमाणु विज्ञान और उसकी उपलब्धियां अपने पड़ोसी देशों को देने के लिए तैयार है। नक़वी हुसैनी के अनुसार परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में ईरान की उपलब्धियां, मध्यपूर्व के देशों तथा पड़ोसी देशों के लिए एक अवसर हैं।
उल्लेखनीय है कि फ़्रांस के राष्ट्रपति फ़्रांसवां ओलांद और सऊदी नरेश सलमान बिन अब्दुल अज़ीज़ ने फ़ार्स की खाड़ी सुरक्षा परिषद के राष्ट्राध्यक्षों की बैठक से पूर्व यह दावा किया था कि ईरान तथा गुट पांच धन एक के बीच समझौता को क्षेत्र की सुरक्षा को सुनिश्चित करनी चाहिए।