इराक़ के कुर्द अधिकारियों ने बताया है कि मूसिल के तलअफ़र क्षेत्र में आईएसआईएल के कम से कम 100 आतंकवादी मारे गए हैं।
कुर्दिस्तान राष्ट्रीय पार्टी के एक सदस्य हाओकार जाफ़ ने अश्शरक़ुल औसत समाचारपत्र को दिये अपने साक्षात्कार में बताया है कि रविवार को अमरीकी नेतृत्व वाले गठबंधन के हवाई आक्रमण में यह आतंकवादी मारे गए। उन्होंने कहा कि इस आक्रमण में बड़ी संख्या में आईएसआईएल के आतंकवादी घायल भी हुए हैं। कुर्दिस्तान की राष्ट्रीय पार्टी के एक अन्य सदस्य ग़ेयास सूरजी ने बताय कि आईएसआईएल ने नैनवा प्रांत की ओर इराक़ी सैनिकों की बढ़त को रोकने के उद्देश्य से मूसिल में बहुत से स्थानों पर सुरंगे खोदी हैं। उन्होंने कहा कि रविवार को आईएसआईएल ने कुर्द के पीशमर्गा बलों के विरुद्ध एक बड़ी कार्यवाही आरंभ की थी जिसके बाद दोनो ओर से भीषण हमले किये गए। ग़ेयास सूरजी ने बताया कि पीशमर्गा बलों ने आईएसआईएल के इस आक्रमण को बाद में विफल बना दिया। इसी बीच कुर्दिस्तान की डेमोक्रेटिक पार्टी के प्रवक्ता सईद ममूज़ीनी ने बताया कि रविवार को आईएसआईएल ने मूसिल में उन 25 युवाओं को गोलियों से भून दिया जो युद्ध करने से इंकार कर रहे थे।