इराक़ के विदेश मंत्री ने देश की अखंडता पर बल दिया है।
इब्राहीम जाफ़री ने रविवार को क्रोएशिया की विदेश मंत्री वेस्ना पुसिक के साथ बग़दाद में एक संयुक्त पत्रकार सम्मेलन में इराक़ के कुर्दों एवं सुन्नी मुसलमानों को सशस्त्र करने संबंधी अमरीकी कांग्रेस की योजना पर प्रतिक्रिया जताते हुए कहा कि इराक़ी जनता, चाहे वह अरब हो, कुर्द हो, तुर्कमन हो, शिया हो, सुन्नी हो या ईसाई हो अपने सम्मान को देश की अखंडता में निहित समझती है और वह अपने देश के विभाजन का सौदा नहीं करेगी।
उन्होंने इराक़ में शस्त्रों की कमी और विदेशों से सामरिक सहायता के बारे में कहा कि बग़दाद सरकार इस संबंध में इराक़ की सहायता करने वाले हर देश का स्वागत करती है क्योंकि शस्त्रों के संबंध में इराक़ की ज़रूरत बढ़ती जा रही है। इराक़ के विदेश मंत्री इब्राहीम जाफ़री ने कहा कि जब आतंकवाद किसी देश में घुस जाता है तो न केवल उस देश के लोगों को बल्कि पूरे संसार को उससे मुक़ाबला करना चाहिए।