इराक़ के प्रधानमंत्री ने कहा है कि देश की सेना में आईएसआईएल को नियंत्रित करने की क्षमता पाई जाती है।
हैदर अलएबादी ने यह बात बग़दाद में कनाडा के अपने समकक्ष स्टीफन हार्पर के साथ मुलाक़ात में कही। इस भेंटवार्ता में उन्होंने कहा कि अब आईएसआईएल की हवा निकल रही है। अलएबादी ने कहा कि इराक़ की सशस्त्र सेना में देश के हर क्षेत्र को आतंकवादियों से मुक्त कराने की क्षमता पाई जाती है। इराक़ के प्रधानमंत्री के कार्यालय से जारी होने वाले बयान के अनुसार इस भेंटवार्ता में दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबन्धों को विस्तृत करने के बारे में विचार-विमर्श किया। कनाडा के प्रधानमंत्री ने भी इस भेंटवार्ता में आईएसआईएल के विरुद्ध संघर्ष में इराक़ी जनता और सरकार की सहायता करने की तत्परता की घोषणा की। उन्होंने कहा कि कनाडा, इराक़ के साथ सैन्य संबन्धों का इच्छुक है। दूसरी ओर इराक़ के प्रधानमंत्री ने हर उस योजना का विरोध किया है जो इराक़ की संप्रभुता का हनन करती हो। हैदर अलएबादी ने शनिवार की रात अमरीका के उप राष्ट्रपति जो बाइडन के साथ टेलीफोनी वार्ता में कहा कि इराक़ की संप्रभुता की सुरक्षा सबसे अधिक महत्वपूर्ण है। उन्होंने इराक़ के आंतरिक मामलों में किसी भी प्रकार के हस्तक्षेप का विरोध करते हुए कहा कि वे योजनाएं अस्वीकार्य हैं जो इराक़ की एकता और अखण्डता को क्षति पहुंचती हों।