ईरान के उप विदेश मंत्री ने आशा जताई है कि अगले कुछ दिनों में समग्र परमाणु समझौते का पहला मसौदा तैयार हो जाएगा।
ईरान के उप विदेश मंत्री तथा वरिष्ठ परमाणु वार्ताकार सैयद अब्बास इराक़ची ने यूरोपीय संघ की विदेश नीति विभाग के उप प्रमुख हेल्गा श्मिद के साथ दूसरे दिन की बात-चीत से पहले, न्यूयॉर्क में हमारे संवाददाता को बताया कि गुरुवार से अंतिम समझौते के मसौदे के संकलन से संबंधित वार्ता औपचारिक रूप से शुरू हो चुकी है और हमने गुट पांच धन एक की प्रतिनिधि हेल्गा श्मिद के साथ मसौदे के संकलन का काम शुरू कर दिया है और इस संबंध में होने वाली बैठक आठ घंटे तक जारी रही।
ईरान के उप विदेश मंत्री ने समग्र समझौते के पहले मसौदे के संकलन को मुश्किल बताते हुए कहा कि पहले मसौदे में अनेक विवादित बिंदु होंगे और हमारे अनुसार इसमें कई मुद्दे ब्रेकिट में होंगे जिनके बारे में बाद में फ़ैसला किया जाएगा। सैयद अब्बास इराक़ची कहा कि इस मसौदे के कई पूरक पत्र भी हैं और विशेषज्ञों ने उन पर काम आरंभ कर दिया है ताकि समस्याओं व हर छोटे-बड़े बिंदु की चर्चा की जा सके। उन्होंने कहा कि जितने दिन भी आवश्यक होगा हम समग्र परमाणु समझौते के मसौदे के संकलन के लिए न्यूयॉर्क में रहेंगे।