अफ़ग़ानिस्तान के राष्ट्रपति मोहम्मद अशरफ़ ग़नी ने कहा है कि अफ़ग़ानिस्तान से होने वाले निर्यात के लिए पाकिस्तान की ओर से वाघा सीमा न खोले जाने पर पाकिस्तान के निर्यात के ख़िलाफ़ क़दम उठाए जा सकते हैं।
अफ़ग़ान राष्ट्रपति ने भारत के अंग्रेज़ी दैनिक द हिंदू को साक्षात्कार देते हुए कहा कि हम मध्य एशिया के लिए पाकिस्तानी ट्रकों के रास्तों को बंद कर देंगे।
अफ़ग़ान राष्ट्रपति अशरफ़ ग़नी ने भारत के पहले सरकारी दौरे पर यह बात कही। उन्होंने पाकिस्तान की ओर से अफ़ग़ान ट्रकों को पाकिस्तान से भारत जाने से रोके जाने पर कहा कि यह कार्यवाही बराबरी और स्वाधीनता पर सवालिया निशाना है और पाकिस्तान को वर्ष 2011 में होने वाले अफ़ग़ानिस्तान पाकिस्तान ट्रांज़िट एंड ट्रेड समझौते का पालन करना होगा, जिसके तहत दोनों देश व्यापार के लिए एक दूसरे की ज़मीन का प्रयोग कर सकते हैं।
भारतीय मीडिया के अनुसार भारत सामान ले जाने वाले अफ़ग़ानिस्तान के ट्रकों को पाकिस्तान, भारतीय सीमा के निकट मौजूद अंतिम चेक पोस्ट वाघा तक जाने की अनुमति देता है किंतु इन ट्रकों को वाघा से एक किलोमीटर दूर अटारी चेक पोस्ट तक जाने की अनुमति नहीं है।