4 दिसंबर 2024 - 15:33
हिन्दू डॉक्टर को महंगा पड़ गया  मुसलमान दोस्त को मकान बेचना

कुछ दिन पहले ही एक हिन्दू डॉक्टर डॉ. अशोक बजाज ने अपना मकान मुस्लिम समुदाय की डॉ. इकरा चौधरी को बेचा था, इसकी सूचना जैसे ही कॉलोनी के लोगों में मिली उन्होंने इसका विरोध करना शुरू कर दिया।

उत्तर प्रदेश में राजनितिक कारणों से बढ़ावा पा रहा धार्मिक उन्माद और नफरत का माहौल अपने चरम पर है। यहाँ मुरादाबाद से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां के सबसे पॉश कालोनी टीडीआई सिटी ( TDI City ) में मुस्लिम डॉक्टर दंपत्ति को मकान बेचने पर विवाद खड़ा हो गया है। कॉलोनी के लोग मकान खरीदने वाले डॉक्टर का विरोध कर रहे हैं और  इस कॉलोनी में रहने वाले हिंदू आक्रोशित हो गए हैं। टीडीआई सिटी में रहने वाली महिलाओं ने इसके विरोध में रोड पर उतरकर विरोध किया और मुस्लिम डॉक्टर को की गई रजिस्ट्री को कैंसिल कराने की मांग की। 

दरअसल, कुछ दिन पहले ही एक हिन्दू डॉक्टर  डॉ. अशोक बजाज ने अपना मकान मुस्लिम समुदाय की डॉ. इकरा चौधरी को बेचा था, इसकी सूचना जैसे ही कॉलोनी के लोगों में मिली उन्होंने इसका विरोध करना शुरू कर दिया।  हिन्दू सुदाय के लोगों ने डॉ. अशोक बजाज पर आरोप लगाया कि उन्होंने अपना मकान गुपचुप ढंग से बेच दिया है, जबकि इस मकान को डॉक्टर बजाज के पड़ोस में रहने वाले लोग भी खरीदना चाहते थे। 

मुरादाबाद के कांठ रोड पर मौजूद जिले के सबसे पॉश कालोनी में से एक टीडीआई सिटी में करीब 450 हिंदू परिवार रहते हैं, इससे पहले यहां एक भी मुस्लिम परिवार का घर नहीं था। प्रदर्शन करने के लिए सड़क पर उतरीं कॉलोनी की हिंदू महिलाओं ने कहा कि उन लोगों ने यहां घर इसलिए बनाया था कि यहां कोई मुस्लिम परिवार नहीं रहता।