25 नवंबर 2024 - 11:21
तेलंगाना सरकार ने दिया अडानी को झटका, 100 करोड़ का ऑफर ठुकराया

तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी ने अडानी द्वारा तेलंगाना स्किल यूनिवर्सिटी को दिए गए 100 करोड़ रुपये ठुकरा दिए हैं।

प्रधानमंत्री मोदी के करीबी विख्यात कारोबारी गौतम अडानी को लेकर सियासत गरमाई हुई है। बिजनेसमैन गौतम अडानी को लेकर देश में सियासत तेज है। अमेरिका में उन पर आरोप लगा है एक प्रोजेक्ट के कॉन्ट्रैक्ट और फाइनेंस पाने के लिए उनकी ओर से बड़ी रिश्वत दी गई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अडानी ने अमेरिका में अपनी कंपनी को सोलर एनर्जी से जुड़े प्रोजेक्ट और कांट्रैक्ट दिलाने के लिए भारतीय अधिकारियों को 2100 करोड़ रुपये की रिश्वत दी।आरोप यह भी है कि उन्होंने यह बात उन अमेरिकी बैंक से इंवेस्टर्स से छिपाई।

अमेरिकी प्रोसिक्यूटर्स का दावा है कि कंपनी के दूसरे अधिकारियों ने कांट्रैक्ट पाने के लिए भारतीय अधिकारियों को रुपये देने पर सहमति जताई थी। इसको लेकर विपक्ष केंद्र सरकार को घेर रहा है। इसी बीच बीते दिनों बीजेपी ने कहा था कि अडानी ने तेलंगाना सरकार को 100 करोड़ रुपये का डोनेशन दिया है। इस पर अब तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी ने अडानी द्वारा तेलंगाना स्किल यूनिवर्सिटी को दिए गए 100 करोड़ रुपये ठुकरा दिए हैं।