झारखंड चुनावों के बीच केंद्रीय गृहमंत्री ने एक बार फिर मुस्लिम समुदाय को निशाने पर लेते हुए कहा कि चाहे कितना भी विरोध हो भाजपा सरकार वक़्फ़ संशोधन बिल को लागू कर के ही दम लेगी।
विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने के लिए प्रधानमंत्री तक भाजपा के सभी वरिष्ठ नेता सांप्रदायिक रंग में रंग चुके हैं और चुनाव विकास और मूलभूत सुविधाओं से हटकर वक्फ बोर्ड, घुसपैठिए, हिंदू-मुस्लिम पर आ गया है। जहाँ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ‘बंटोगे तो कटोगे’ का नारा लगा रहे हैं, वही प्रधानमंत्री मोदी 'एक रहेंगे तो सेफ रहेंगे' का नारा लगा रहे हैं।
इस बीच केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी मुस्लिम समुदाय को निशाना बनाते हुए वक्फ बोर्ड पर कर्नाटक में मंदिरों, ग्रामीणों और अन्य लोगों की जमीन हड़पने का आरोप लगाया और कहा कि वक्फ बोर्ड को जमीन हड़पने की आदत है। कर्नाटक में इसने ग्रामीणों की संपत्ति हड़प ली है। इसने मंदिरों, किसानों और ग्रामीणों की जमीनें हड़प ली हैं। शाह ने दावा किया कि कोई भी समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लागू होने से नहीं रोक सकता, जो घुसपैठियों को रोकने के लिए जरूरी है ।