20 सितंबर 2024 - 10:04
हाई कोर्ट के जज ने मुस्लिम इलाके को बताया पाकिस्तान

कर्नाटक हाई कोर्ट के जज वेदव्यासचार श्रीशानंद ने मुस्लिम बहुल इलाके गोरी पाल्या की बात करते हुए कहा, गोरी पाल्या से मैसूर फ्लाईओवर तक का इलाका पाकिस्तान में है, भारत में नहीं।

कर्नाटक हाई कोर्ट के जज वेदव्यासचार श्रीशानंद की एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, जिसमें वो बेंगलुरु के एक मुस्लिम बहुल इलाके को पाकिस्तान कहते सुनाई दे रहे हैं। उनके इस बयान के सामने आने के बाद से ही उनकी मुश्किलें बढ़ गई है। अब सुप्रीम कोर्ट ने जज श्रीशानंद की विवादास्पद टिप्पणियों पर स्वत: संज्ञान लिया है। चीफ जस्टिस डी वाई चंद्रचूड़ ने कहा, हम इस मुद्दे पर दिशा निर्देश जारी करेंगे।

जज वेदव्यासचार श्रीशानंद एक केस की सुनवाई कर रहे थे, जिस दौरान उन्होंने बेंगलुरु के एक मुस्लिम बहुल इलाके को पाकिस्तान कहा। जज ने कहा, मैसूर रोड फ्लाईओवर पर जाएं और देखें, हर ऑटो रिक्शा में 10 लोग हैं, यहां कानून लागू नहीं होता। उन्होंने मुस्लिम बहुल इलाके गोरी पाल्या की बात करते हुए कहा, गोरी पाल्या से मैसूर फ्लाईओवर तक का इलाका पाकिस्तान में है, भारत में नहीं।