नाइजीरिया के जमफारा राज्य में शनिवार को एक नदी में नाव दुर्घटना होने के कारण कम से कम 64 लोगों के मारे जाने की आशंका है। बताया जा रहा है कि शनिवार की सुबह 70 किसानों को ले जा रही एक लकड़ी की नाव पलट गई। इस नाव की सहायता से लोग गुम्मी शहर के करीब स्थित खेतों तक पहुंचने के लिए नदी पार कर रहे थे।
स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि 900 से अधिक किसान अपने खेत तक पहुंचने के लिए प्रतिदिन नदी पार करने के लिए नावों पर निर्भर हैं, लेकिन यहां नदी पार करने के लिए केवल दो नावें उपलब्ध हैं, जिससे अक्सर भीड़भाड़ हो जाती है। यह राज्य पहले से ही खनिज संसाधनों पर नियंत्रण चाहने वाले आपराधिक गिरोहों के संघर्षों से त्रस्त है।