12 सितंबर 2024 - 08:18
सूडान में गृह युद्ध की आग को भड़का रहा है अरब अमीरात

सूडान सरकार ने संयुक्त अरब अमीरात पर आरोप लगाया कि वह सूडान की पैरामिलिटरी फोर्स रैपिड सपोर्ट फोर्सेज (RSF) को हथियार, मिसाइलें और एम्युनेशन दे रहे हैं, जिसकी वजह से 2023 से चली आ रहा जंग लंबी होती जा रही है।

ग़ज़्ज़ा में पीछले 11 महीने से जारी ज़ायोनी सेना द्वारा फिलिस्तीनी जनता के जनसंहार के बीच सूडान भी गृहयुद्ध जैसी स्थिति का सामना कर रहा है। अक्सर आरोप लगता है कि अमेरिका और ब्रिटेन जैसे ताकतवर पश्चिमी देश अपने निजी फायदे के लिए अन्य देशों में जंग को हवा देते हैं। सीरिया, लीबिया, इराक और अफगानिस्तान जैसे देशों में ऐसा देखा भी गया है, लेकिन अफ्रीका के देश सूडान में तस्वीर अलग है। सूडान में पिछले 17 महीने से चल रहे गृह युद्ध को हवा देने के पीछे अरब देश संयुक्त अरब अमीरात का नाम सामने आया है।

सूडान सरकार ने बुधवार को संयुक्त अरब अमीरात पर आरोप लगाया कि वह सूडान की पैरामिलिटरी फोर्स रैपिड सपोर्ट फोर्सेज (RSF) को हथियार, मिसाइलें और एम्युनेशन दे रहे हैं, जिसकी वजह से 2023 से चली आ रहा जंग लंबी होती जा रही है।

सूडान सरकार ने ये आरोप संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की बैठक के बाद लगाया है, जहां काउंसिल के 15 मेंबर्स ने सूडान के पश्चिमी दारफुर क्षेत्र में आर्म्स एम्बार्गो (प्रतिबंध) को 12 सितंबर 2025 तक बढ़ा दिया है।