9 अगस्त 2024 - 08:13
मनीष सिसोदिया को 17 महीने बाद मिली बड़ी राहत, सुप्रीम कोर्ट ने दी जमानत

सिसोदिया की जमानत पर संजय सिंह ने कहा कि ये जो 17 महीने मनीष सिसोदिया के बर्बाद हुए उसका हिसाब क्या देश के प्रधानमंत्री देंगे? जो 17 महीने दिल्ली के बच्चों के बर्बाद हुए, उसका हिसाब कौन देगा?

दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम और आप के कद्दावर नेता मनीष सिसोदिया 17 महीने बाद जेल से बाहर आएंगे. सीबीआई और ईडी के केस में सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें जमानत दे दी है। फरवरी 2023 में गिरफ्तार होने के बाद यह चौथा मौका था, जब सिसोदिया सुप्रीम कोर्ट पहुंचे थे। पहले 3 मौकों पर सुप्रीम कोर्ट ने सिसोदिया की जमानत खारिज कर दी थी।

मनीष सिसोदिया 17 महीने की जेल काट चुके हैं। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि जैसा ईडी ने कहा था कि ये ट्रायल 6-8 महीने में खत्म हो जाएगा, वो होता नहीं दिख रहा। ईडी के आरोप को खारिज करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि मनीष सिसोदिया ने ट्रायल में देरी नहीं की।

 सुप्रीम कोर्ट ने कहा सिसोदिया लंबे समय से जेल में बंद हैं, इस प्रकार वह शीघ्र सुनवाई के अधिकार से वंचित हुए हैं। वक्त आ गया है कि निचली अदालतें और हाई कोर्ट इस सिद्धांत को समझें कि जमानत नियम है और जेल अपवाद है। मनीष सिसोदिया को जमानत के लिए निचली अदालत भेजना न्याय का अपमान होगा इसलिए हम उन्हें जमानत दे रहे हैं।

सिसोदिया की जमानत पर संजय सिंह ने कहा कि ये जो 17 महीने मनीष सिसोदिया के बर्बाद हुए उसका हिसाब क्या देश के प्रधानमंत्री देंगे? जो 17 महीने दिल्ली के बच्चों के बर्बाद हुए, उसका हिसाब कौन देगा?