9 जुलाई 2024 - 11:16
मॉब लिंचिंग में मारे गए औरंगजेब के परिवार से मिले चंद्रशेखर, आंदोलन की तैयारी

पीड़ित परिवार का कहना है, न्याय तो मिला नहीं उलटा उनके मृतक भाई व अन्य सात लोगों पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।



अलीगढ़ में चोरी के शक में औरंगजेब उर्फ फरीद की पीट पीटकर की गई हत्या के मामले में अब नया मोड़ आ चुका है। जहां लगातार राजनीतिक दलों के लोग मृतक औरंगजेब के परिवार से मुलाकात करने पहुंच रहे हैं, उसको लेकर अब पूरा परिवार प्रदर्शन करने के लिए तैयार होता हुआ नजर है, पीड़ित परिवार का कहना है उन्हें सभी लोगों का समर्थन मिल रहा है।

चंद्रशेखर आजाद के द्वारा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया गया है । पीड़ित परिवार का कहना है, न्याय तो मिला नहीं उलटा उनके मृतक भाई व अन्य सात लोगों पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।

भीम आर्मी चीफ ने कहा कि वह मुकदमा खत्म नहीं किया और जो आरोपी फरार चल रहे हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो अब विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। लोग सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर होंगे, मृतक औरंगजेब की बहन के द्वारा बड़ा ऐलान करने से अब पुलिस प्रशासन में भी हड़कंप मचा हुआ नजर आ रहा है। मृतक की बहन का साफ तौर पर कहना है कि जिस तरीके से उनके भाई को ही आरोपी बनाया गया है कहीं ना कहीं इस मामले में सियासत का बड़ा रोल है यही कारण है 11 दिन बाद उनके भाई के ऊपर ही मुकदमा दर्ज किया गया है।