दक्षिण चीन में भारी बारिश के चलते आई बाढ़ और भूस्खलन ने हाहाकार मचा दिया है। इसमें सैकड़ों घर पानी में डूब गए हैं या फिर भूस्खलन की चपेट में आकर जमींदोज हो गए हैं। इस दौरान अब तक 47 लोगों की मौत हुई है।
दक्षिण चीन में स्थित गुआंग्डोंग प्रांत में भारी बारिश के कारण आई भीषण बाढ़ व भूस्खलन में कम से कम 47 लोगों की मौत हो गई है। कई दर्जन लोगों के घायल होने की भी आशंका है। मौतों का आंकड़ा अभी और बढ़ सकता है।
चीन की सरकारी मीडिया ने शुक्रवार को बताया कि दक्षिण चीन में भीषण बाढ़ और भूस्खलन ने आम लोगों की जिंदगी को तहस-नहस कर दिया है। लोग सड़क और प्रमुख मार्गों से कट गए हैं। ऐसे मे उन तक राहत पहुंचा पाना मुश्किल हो रहा है। जगह-जगह बाढ़ और जलभराव के चलते तबाही हो रही है। काफी संख्या में लोग मलबे के नीचे दबे हो सकते हैं। कुछ लोग लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश जारी है।