14 जून 2024 - 05:32
सांसद बनते ही युसूफ पठान पर आफत, गुजरात में मिला नोटिस

नगर निगम का कहना है कि पठान ने उसकी जमीन पर अतिक्रमण कर लिया है। पठान को चुनाव नतीजे आने के दो दिन बाद ही नोटिस दिया गया था।

 क्रिकेटर से सांसद बने यूसुफ पठान अपने गृह प्रदेश में नई मुश्किल में फंसते नज़र आ रहे हैं। गुजरात में अतिक्रमण के लिए युसुफ़ पठान को नोटिस मिला है। भाजपा शासित वडोदरा नगर निगम (VMC) ने पूर्व भारतीय क्रिकेटर और बहरामपुर से तृणमूल कांग्रेस (TMC) के लोकसभा सांसद यूसुफ पठान को नोटिस जारी किया है। यह नोटिस कथित तौर पर एक भूखंड पर अतिक्रमण करने के लिए जारी किया गया है।

नगर निगम का कहना है कि पठान ने उसकी जमीन पर अतिक्रमण कर लिया है। पठान को चुनाव नतीजे आने के दो दिन बाद ही नोटिस दिया गया था। वीएमसी की स्थायी समिति के अध्यक्ष शीतल मिस्त्री ने गुरुवार को पूर्व भाजपा पार्षद विजय पवार द्वारा इस मुद्दे को उठाए जाने के बाद मीडिया को इसकी जानकारी दी।

2012 में पठान ने वीएमसी से इस भूखंड की मांग की थी, क्योंकि उस समय निर्माणाधीन उनका घर उस भूखंड से सटा हुआ था। उन्होंने लगभग 57,000 रुपये प्रति वर्ग मीटर की पेशकश की थी। उस समय वीएमसी ने प्रस्ताव को मंजूरी दे दी थी और इसे सामान्य बोर्ड की बैठक में पारित कर दिया गया था।