5 जून 2024 - 08:12
हमास का दावा, इस्राईल ने युद्ध विराम की शर्तें मानी

हमास नए सिरे से बातचीत फिर से शुरू नहीं करेगा और ज़ायोनी सरकार को आधिकारिक रूप से हमास के पिछले प्रस्ताव पर सहमत होना होगा और इसकी घोषणा भी करना होगी।

ग़ज़्ज़ा में 8 महीने से क़त्ले आम कर रहे इस्राईल को अपने किसी भी उद्देश्य में अब तक सफलता नहीं मिली है। अब युद्ध विराम की अटकलों के बीच हमास के नेता ने अल-मयादीन टीवी चैनल से बात करते हुए कहा कि तल अवीव ने युद्धविराम वार्ता के लिए हमास की शर्तों को स्वीकार कर लिया है।

अल मयादीन के मुताबिक़ हमास के इस नेता ने कहा कि ज़ायोनी सरकार ने 6 मई को हमास द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव में बदलाव किया और स्थायी संघर्ष विराम, ग़ज़्ज़ा से ज़ायोनी सेना की पूर्ण वापसी और शरणार्थियों की बिना शर्त वापसी की शर्तों पर सहमति व्यक्त की है।

उन्होंने कहा कि तल अवीव केवल मिस्र, कतर और संयुक्त राज्य अमेरिका द्वारा प्रदान की गई गारंटी को स्वीकार करता है और आवश्यक शर्तें पूरी होने तक आजीवन कारावास की सजा वाले 200 फिलिस्तीनी कैदियों की रिहाई का विरोध जारी रखेगा।

बता दें कि हाल ही में हमास के एक नेता ने कहा था कि हमास कल काहिरा में अपना प्रतिनिधिमंडल नहीं भेजेगा। अल मयादीन के अनुसार उन्होंने यह स्पष्ट किया कि हमास नए सिरे से बातचीत फिर से शुरू नहीं करेगा और ज़ायोनी सरकार को आधिकारिक रूप से हमास के पिछले प्रस्ताव पर सहमत होना होगा और इसकी घोषणा भी करना होगी।

हमास नेताओं का कहना है कि अमेरिकी अधिकारियों को हमास पर दबाव डालने के बजाय ज़ायोनी अधिकारियों के साथ समझौते की शर्तों को स्वीकार करना चाहिए।