फिलिस्तीनी नेता मुस्तफा ने भारतीय प्रधानमंत्री के नाम लिखे पत्र में कर्नल काले की हत्या पर दुःख जताते हुए कहा की इस हत्याकांड के लिए ज़ायोनी बल IDF ज़िम्मेदार है।
फिलिस्तीन के प्रधानमंत्री मोहम्मद मुस्तफा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर युद्धग्रस्त ग़ज़्ज़ा में भारतीय सेना के पूर्व अधिकारी कर्नल वैभव अनिल काले की मौत के लिए ज़ायोनी रक्षा बलों (आईडीएफ) को जिम्मेदार ठहराया है। अपने भारतीय समकक्ष को लिखे पत्र में मुस्तफा ने अपनी संवेदना व्यक्त की और ग़ज़्ज़ा में स्थिति की गंभीरता पर जोर दिया।
डॉ. मुस्तफा ने लिखा कि मैं ज़ायोनी सेना द्वारा भारतीय अधिकारी श्री वैभव अनिल काले की दुखद हत्या, ग़ज़्ज़ा में लोगों के खिलाफ ज़ायोनी बलों द्वारा किए गए व्यापक नरसंहार, युद्ध अपराध और मानवता के खिलाफ अपराध पर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।
कर्नल काले (सेवानिवृत्त) संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा एवं संरक्षा विभाग (डीएसएस) में कार्यरत थे। 13 मई को ग़ज़्ज़ा में उनके संयुक्त राष्ट्र-चिह्नित वाहन पर इस्राईल के हमले में उनकी मौत हो गई थी। पीएम मोदी को लिखे अपने पत्र में फिलिस्तीनी पीएम ने फिलिस्तीनी मुद्दों के प्रति ऐतिहासिक समर्थन के लिए भारत को धन्यवाद दिया और हिंसा को रोकने के लिए तत्काल अंतरराष्ट्रीय हस्तक्षेप की आवश्यकता पर ज़ोर दिया।