उत्तराखंड में हाल ही में एक सर्वे किया गया जिसमें यह बात सामने आई है कि यहां पर हिंदू बच्चे मदरसों में तालीम हासिल कर रहे हैं। मदरसा बोर्ड के अध्यक्ष ने कहा कि मदरसों में वह बेसिक शिक्षा देते हैं।
उत्तराखंड में बच्चों के अधिकारों को लेकर राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग के अध्यक्ष ने 14 विभागों के साथ समीक्षा बैठक की। समीक्षा के साथ राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग की टीम ने देहरादून के कई मदरसों का भी औचक निरीक्षण किया।
राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग उत्तराखंड के सभी जिलाधिकारियों को दिल्ली तलब करने की तैयारी में है। इसके अलावा, आयोग को देहरादून में कुछ ऐसे मदरसे भी मिले हैं, जहां दूसरे राज्यों से बच्चे लाकर मदरसों में रखे गए। राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग की टीम का दावा है कि औचक निरीक्षण के दौरान उन्हें ऐसे मदरसे भी मिले हैं जिनमें हिंदू बच्चों को इस्लाम धर्म की शिक्षा दी जा रही थी।
इससे पहले पिछले साल नवंबर में खबर आई थी कि उत्तराखंड के मदरसों में 700 बच्चों को इस्लामी शिक्षा दी जा रही है। इन मदरसों में हरिद्वार के 21 मदरसे, उधम सिंह नगर के 9 मदरसे, नैनीताल का एक मदरसा शामिल है। बताया जाता है कि जिन इलाकों में हिंदू बच्चे मदरसों में तालीम ले रहे हैं, वहां पर सरकारी स्कूलों का अभाव है।