10 मई 2024 - 04:45
मालदीव पहुंचा चीनी जहाज़, मुइज्जू सरकार ने नहीं दी रिसर्च की अनुमति

जासूसी जहाज के तौर पर देखा जा रहा चीन का समुद्री अनुसंधान जहाज जियांग यांग होंग-3 फिर से मालदीव पहुंचा है। बीते दो महीने में यह दूसरी बार है, जब चीन का जासूसी जहाज मालदीव पहुंचा है।

भारत से बिगड़ते रिश्तों के बीच चीन और मालदीव के मज़बूत होते संबंधों ने भारत की चिंता बढ़ा दी है। इन सबके बीच कुछ समय के अंतराल पर ही मालदीव पहुंचे चीन के खोजी जहाज़ ने भारत को चिंता में दाल दिया है। हालाँकि मालदीव सरकार ने दावा किया है कि हमने चीनी जहाज़ को रिसर्च की अनुमति नहीं दी है।

हिंद महासागर की शांति और सुरक्षा को भारत सहित पड़ोसी देशों के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए मालदीव के विदेश मंत्री मूसा जमीर ने कहा कि उनकी सरकार ने मालदीव के जल क्षेत्र में अनुसंधान उद्देश्यों के लिए चीनी जहाज को अनुमति नहीं दी है। मालदीव के विदेश मंत्री का यह बयान ऐसे वक्त में आया है, जब जासूसी जहाज के तौर पर देखा जा रहा चीन का समुद्री अनुसंधान जहाज जियांग यांग होंग-3 फिर से मालदीव पहुंचा है। बीते दो महीने में यह दूसरी बार है, जब चीन का जासूसी जहाज मालदीव पहुंचा है।