10 मई 2024 - 03:55
राहुल गाँधी और मोदी को खुली बहस का न्यौता, पूर्व जजों ने लिखी चिट्ठी

भाजपा प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आक्रामक प्रचार अभियान चलाये हुए हैं पीएम ने कई ऐसे बयान दिए जिस पर दुनियाभर का ध्यान गया, अब सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के दो पूर्व जजों ने मोदी और राहुल गांधी को पत्र लिखकर लोकसभा चुनाव के मुद्दों पर आमने-सामने सार्वजनिक बहस करने का न्योता दिया है।

आम चुनावों के बीच अलग अलग राजनैतिक दलों के बीच आरोप प्रत्यारोप का दौर जारी है। सत्तारूढ़ भाजपा प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आक्रामक प्रचार अभियान चलाये हुए हैं जिसमे खुद पीएम ने कई ऐसे बयान दिए जिस पर दुनियाभर का ध्यान गया। इन सब बयानबाज़ी के बीच अब सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के दो पूर्व जजों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी को पत्र लिखकर लोकसभा चुनाव के मुद्दों पर आमने-सामने सार्वजनिक बहस करने का न्योता दिया है। इस पत्र पर वरिष्ठ पत्रकार एन राम ने भी हस्ताक्षर किए हैं।

 मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज मदन बी लोकुर और दिल्ली हाईकोर्ट के पूर्व चीफ जस्टिस एपी शाह ने पत्र में लिखा है कि इस बहस से एक मिसाल कायम होगी और लोग दोनों नेताओं का पक्ष सीधे जान सकेंगे। इससे दोनों को लाभ होगा। चिट्ठी में कहा गया है, दुनिया हमारे चुनाव पर उत्सुकता से नजर रखती है, ऐसे में बेहतर होगा कि जनता दोनों पक्षों के सवाल-जवाब सुने। इससे हमारी लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत मिलेगी।

पत्र में कहा गया है कि प्रधानमंत्री की तरफ से आरक्षण, धारा 370 और संपत्ति के पुनर्वितरण पर तो वहीं कांग्रेस की तरफ से संविधान पर संभावित हमले, चुनावी बॉन्ड योजना और चीन के मुद्दों का जिक्र है। इन मुद्दों पर अबतक सिर्फ आरोप-प्रत्यारोप ही लगाए हैं जनता को कोई स्पष्ट और सार्थक जवाब नहीं मिल पाया है।

आज के डिजिटल दौर में गलतबयानी, झूठी खबर और खबरों के साथ हेरफेर संभव है। ऐसे में आम जनता को इन बहसों के सभी पक्षों के बारे में जानकारी देना बेहद जरूरी है ताकि वोट देते वक्त वे सही चुनाव कर सकें। इसलिए बेहतर होगा कि दोनों खुली बहस करें।