21 मार्च 2024 - 09:37
पाकिस्तान, ग्वादर बंदरगाह पर हमला, 8 लोगों की मौत

इस कार्रवाई में बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी के आठों हमलावर मारे गए हैं। ग्वादर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मीडिया को बताया कि जवाबी कार्रवाई में हमलावरों के मारे जाने के बाद ही गोलीबारी बंद हुई।

पाकिस्तान के ग्वादर बंदरगाह पर हुए आतंकी हमले में 8 लोगों के मारे जाने की खबर है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पोर्ट परिसर में गोलीबारी के बाद कई विस्फोटों की आवाज सुनाई दी। यहां पासपोर्ट ऑफिस, पाकिस्तान चुनाव आयोग और कई दूसरे सरकारी दफ्तर हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्वादर पोर्ट के अथॉरिटी कॉम्प्लैक्स में आठ हथियारबंद आंतकवादी जबरदस्ती घुस आए। इसके बाद उन्होंने यहाँ गोलीबारी और बम धमाके किए।

मकरान डिविजन के कमिश्नर सईद अहमद उमरानी का कहना है कि यह हमला प्रतिबंधित बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी द्वारा किया गया है। हमले में किसी स्थानीय के हताहत होने की खबर सामने नहीं आई है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि करीब आठ हथियारबंद लोग ग्वादर पोर्ट में घुसे। कहा जा रहा है कि इस कार्रवाई में बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी के आठों हमलावर मारे गए हैं। वहीं ग्वादर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मीडिया को बताया कि जवाबी कार्रवाई में सात हमलावरों के मारे जाने के बाद ही गोलीबारी बंद हुई।