अमेरिका के वॉशिंगटन में इंडिया हेट लैब (आईएचएल) रिसर्च ग्रुप की रिपोर्ट के अनुसार भारत में पिछले 6 महीनों में मुसलमान विरोधी हेट स्पीच (नफरत वाले भाषण) में 62 फीसदी इजाफा हुआ है।
26 फरवरी, 2024 को इस समूह की ओर से जारी की गई रिपोर्ट में कहा गया है कि आखिर के 3 महीनों में भारत में मुस्लिमों के खिलाफ होने वाले नफरती भाषण अभूतपूर्व रूप से बढ़े हैं।
इंडिया हेट लैब ने कहा है कि 2023 में देश में 668 हेट स्पीच दी गईं, जिनमें मुसलमानों को निशाना बनाया गया। इनमें 255 घटनाएं शुरुआती 6 महीनों में दर्ज हुईं, जबकि 413 घटनाएं दूसरी छमाही में देखने को मिलीं। बता दें कि दर्ज किये गए मामलों में 75 फीसदी या 498 ऐसी घटनाएं उन राज्यों में देखने को मिलीं, जहां प्रधानमंत्री मोदी के दल, भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की सरकार रही। मुस्लिमों के खिलाफ सबसे अधिक हेट स्पीच की घटनाएं महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश (यूपी) और मध्य प्रदेश में दर्ज की गईं।
आईएचएल ने बताया कि ये जानकारियां तब सामने आईं जब उसकी ओर से हिंदू संगठनों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखी गई। रिसर्च ग्रुप ने इस दौरान सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए हेट स्पीच से जुड़े वेरिफाइड वीडियो को देखा-समझा और भारतीय मीडिया के जरिए आई घटनाओं को कंपाइल किया था।