14 फ़रवरी 2024 - 05:06
शाहबाज़ संभालेंगे पाकिस्तान की कमान, ज़रदारी बनेंगे राष्ट्रपति

मैं राष्ट्रपति की मांग सिर्फ इसलिए नहीं कर रहा कि वह मेरे पिता है। बल्कि मैं इसलिए मांग कर रहा हूं क्योंकि, देश इस समय भारी संकट से जूझ रहा है। अगर कोई इस समस्या से हमें उबार सकता है तो वह आसिफ अली जरदारी ही हैं।

आम चुनाव के बाद इमरान खान एक बार फिर पाकिस्तान की जनता के बीच सबसे लोकप्रिय नेता और उनकी पार्टी के आज़ाद उम्मीदवारों ने जीत का परचम लहरा दिया है लेकिन पाकिस्तान की सत्ता पर पीपीपी और पीएमएलएन ने गठजोड़ करते हुए शाहबाज़ शरीफ के सर पर ताज रखने की तैयारी कर ली है।

इस बीच जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों को चेतावनी देते हुए एक्स पर ट्वीट करते हुए कहा कि मैं चोरी के वोटों के साथ सरकार बनाने के प्रयासों को चेतावनी देता हूं। इस तरह की डकैती न सिर्फ नागरिकों का अपमान होगी बल्कि, देश की अर्थव्यवस्था को और नीचे धकेलने के प्रयास होंगे।

इमरान ने कहा कि पीटीआई लोगों की इच्छा से कभी समझौता नहीं करेगी। जिन पार्टियों ने लोगों के जनादेश को लूटा है, मैं उनसे नहीं मिल सकता हूं। पाकिस्तान के लोगों ने स्पष्ट रूप से हमें अपना फैसला सुनाया है। पाकिस्तान के चुनावों में लोकतंत्र और निष्पक्षता की सख्त जरूरत है। खान ने उनपर भरोसा जताने के लिए पाकिस्तान नागरिकों का दिल से आभार व्यक्त किया। देश ने पाकिस्तान के इतिहास में सबसे बड़ा जनादेश दिया है। इस जनादेश को आगे बढ़ाना हमारी जिम्मेदारी है। जहां भी सरकार बनानी है, वहां काम करना शुरू करें।

नवाज़ के प्रधानमंत्री पद का समर्थन करते हुए पीपीपी नेता बिलावल ने राष्ट्रपति पद के लिए ज़रदारी की उम्मीदवारी की बात करते हुए कहा कि पीपीपी प्रधानमंत्री के रूप में नवाज का समर्थन करेगी। उन्होंने कहा कि मैं राष्ट्रपति की मांग सिर्फ इसलिए नहीं कर रहा कि वह मेरे पिता है। बल्कि मैं इसलिए मांग कर रहा हूं क्योंकि, देश इस समय भारी संकट से जूझ रहा है। अगर कोई इस समस्या से हमें उबार सकता है तो वह आसिफ अली जरदारी ही हैं।