संयुक्त राष्ट्र में ईरान के राजदूत और स्थाई प्रतिनिधि ने कहा कि ईरान के खिलाफ धमकियों की भाषा काम नहीं करेगी। उन्होंने साफ़ शब्दों में कहा कि हम युद्ध से डरते नहीं हैं, लेकिन हम इसका कभी स्वागत भी नहीं करेंगे, लेकिन अगर दूसरा पक्ष जंग शुरू करता है, तो आप ईरान का अलग ही रूप देखेंगे।
संयुक्त राष्ट्र में ईरान के स्थाई प्रतिनिधि अमीर सईद ईरवानी ने अमेरिकी चैनल NBC से बात करते हुए कहा कि हम क्षेत्र में संकट को बढ़ाने के पक्ष में नहीं है लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि हम किसी जंग से डरते हैं। उन्होंने कहा कि हम जंग नहीं चाहते लेकिन किसी से डरते भी नहीं है। अगर दुश्मन जंग शुरू करता है तो वो देखेगा कि हम इसके लिए भी तैयार हैं। उन्होंने कहा कि इलाक़े के हालात ग़ज़्ज़ा में स्थायी युद्धविराम के साथ ही संभल सकते हैं।
ईरान और अमेरिका के बीच तनाव पर पूछे गए सवाल कि यदि अमेरिका ईरान या ईरान के हितों पर हमला करता है, तो आप ईरान की प्रतिक्रिया का अनुमान कैसे लगाते हैं? उन्होंने कहा कि ईरान जरूर प्रतिक्रिया देगा। हमने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि यदि वह ईरानी धरती या ईरानी हितों या दुनिया भर में हमारे लोगों पर हमला करते हैं, तो हम ज़रूर प्रतिक्रिया देंगे। हम किसी भी आक्रामकता का निर्णायक जवाब देंगे।