ग़ज़्ज़ा में इस्राईल की ओर से जारी जनसंहार के बीच अमेरिकी विदेश मंत्री लगातार पश्चिमी एशिया के दौरे पर हैं।इस्राईल के लिए समर्थन जुटाने की मुहिम पर निकले अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकेन के पश्चिम एशिया दौरे से एक बार फिर दुनिया भर में ग़ज़्ज़ा में युद्ध विराम को लेकर अटकलों का दौर जारी है।
अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकेन ने रियाज़ में सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान आले सऊद से मुलाकात की। उस से पहले अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन ने इस्राईल के बर्बर हमलों का बचाव करते हुए कहा था कि ज़ायोनी सेना को हमास के खिलाफ जवाबी कार्रवाई करने का अधिकार है।
अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता मैथ्यू मिलर ने दोनों नेताओं के बीच हुई मुलाकात की जानकारी देते हुए बताया कि लाल सागर में तनाव को कम करने की तत्काल आवश्यकता पर भी दोनों नेताओं के बीच बातचीत हुई। ब्लिंकेन 4-8 फरवरी तक सऊदी अरब , मिस्र, कतर, इस्राईल और वेस्ट बैंक की यात्रा करेंगे।