2 फ़रवरी 2024 - 08:52
पाकिस्तान में चुनाव से पहले हंगामा, बलूचिस्तान में बम और ग्रेनेड हमले, इमरान की पार्टी के 39 सदस्य गिरफ्तार

पाकिस्तान पुलिस ने एक रैली के दौरान हिंसा को लेकर इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के कार्यकर्ताओं के विरुद्ध कार्रवाई तेज कर दी है।

पाकिस्तान में आम चुनाव होने से पहले ही एक बार फिर हालात खराब हो रहे हैं। देश में लगातार विस्फोटक हमले जारी हैं। द बलूचिस्तान पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार आम चुनावों से पहले बलूचिस्तान में बम विस्फोट और गोलीबारी सहित कई हमले हुए हैं। जानकारी के अनुसार आम चुनाव से पहले बलूचिस्तान में 10 बम और ग्रेनेड हमले हुए जिस में एक व्यक्ति की मौत हो गई है।

वहीँ पाकिस्तान पुलिस ने एक रैली के दौरान हिंसा को लेकर इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के कार्यकर्ताओं के विरुद्ध कार्रवाई तेज कर दी है। कराची पुलिस के प्रवक्ता ने कहा कि दंगा पुलिसकर्मियों पर हमला और सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ के आरोप में 39 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है। तीन दिन में पीटीआई के 72 कार्यकर्ता गिरफ्तार किए गए हैं।