चीन और अमेरिका के बीच जारी तनातनी के दौरान अमेरिकी कांग्रेस के सामने अपनी रिपोर्ट में अमेरिका की ख़ुफ़िया एजेंसी एफबीआई ने चेतावनी देते हुए कहा है कि चीनी हैकर्स अमेरिका के इंफ्रास्ट्रक्चर में सेंध लगा चुके हैं और वह कभी भी चीन के इशारे पर अमेरिका में भारी तबाही ला सकते हैं।
अमेरिका की संघीय जांच एजेंसी एफबीआई के निदेशक क्रिस्टोफर रे ने चेतावनी दी है कि चीनी हैकर्स अमेरिका के अहम इंफ्रास्ट्रक्चर ठिकानों पर हमला कर तबाही ला सकते हैं। रे ने चीनी साम्यवादी पार्टी पर अमेरिकी संसद की कमेटी को बताया कि चीनी हैकर्स अमेरिका के इंफ्रास्ट्रक्चर में सेंध लगा चुके हैं और चीन के इशारे पर अमेरिका में भारी तबाही ला सकते हैं और अमेरिकी नागरिकों को बड़ा नुकसान पहुंचा सकते हैं।
एफबीआई चीफ ने कहा कि चीनी हैकर्स वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, इलेक्ट्रिक ग्रिड और तेल और नेचुरल गैस पाइलपाइंस को निशाना बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह देश की सुरक्षा और समृद्धि के लिए बड़ा खतरा है। चीन की सरकार ने अमेरिका में हैकिंग के आरोपों से पूर्व में इनकार किया था। क्रिस्टोफर रे ने बताया कि साइबर सिक्योरिटी के मामले में हमारी कुछ कमजोरियां हैं, जिसकी वजह से आसानी से चीनी हैकर्स ने सिस्टम की खामियों का फायदा उठाकर सेंध लगा दी है। अमेरिका की साइबर सिक्योरिटी एंड इंफ्रास्ट्रक्चर सिक्योरिटी एजेंसी के प्रमुख जीन ईस्टरली ने भी एफबीआई चीफ की आशंका का समर्थन किया।