फिलिस्तीन में जनसंहार मचा रहे इस्राईल की मदद के लिए संयुक्त अरब अमीरात और सऊदी अरब खुल कर मैदान में आ गए हैं। फिलिस्तीन के समर्थन में, ज़ायोनी जहाजों या इलियट बंदरगाह की ओर जाने वाले जहाजों पर यमनी सशस्त्र बलों के हमलों के साथ, तल अवीव गंभीर आर्थिक दबाव का सामना कर रहा है, लेकिन इसी बीच इस्राईल की मदद के लिए सऊदी अरब और यूएई जैसी मुसलमान देश सामने आए हैं। ज़ायोनी समाचार पत्र यदीऊत अहरोनोत ने लिखा है कि रियाज़ और अबू धाबी इस्राईल को आर्थिक संकट कम करने में मदद करने की कोशिश कर रहे हैं।
लाल सागर का मार्ग ज़ायोनी जहाज़ों के लिए बंद होने के बाद अफ्रीका के लंबे और महंगे रास्ते से जाने के बजाय, ज़ायोनी शिपिंग कंपनियां फारस की खाड़ी में संयुक्त अरब अमीरात और सऊदी अरब के बंदरगाहों में अपना माल उतारती हैं, और वहां से सऊदी अरब और फिर जॉर्डन के रास्ते मक़बूज़ा फिलिस्तीन तक माल पहुंचाया जाता है।
इस रिपोर्ट के मुताबिक़, जो माल पहले लाल सागर के माध्यम से आयात किया जाता था उसे पिछले महीने में, दर्जनों ट्रक संयुक्त अरब अमीरात, बहरैन और सऊदी अरब के बंदरगाहों पर उतारने के बाद इस्राईल ले जाया गया है।