पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर ईरान की एयर स्ट्राइक के बाद से दोनों देशों के बीच उपजे तनाव के बाद अब तेहरान इस्लामाबाद के रिश्ते पटरी पर पलटने लगे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़ ईरान और पाकिस्तान के बीच एक हफ्ते पहले जो तनाव उपजा था, वो अब खत्म हो चुका है। हवाई हमलों के बाद दोनों देशों के रिश्तों में आई खटास अब मिटने लगी है। संबंध फिर से सुधरने लगे हैं। दोनों देशों ने टेंशन खत्म करने पर सहमति जताई और तनाव को खत्म कर फिर से पुराने संबंध स्थापित करने की घोषणा। इसको लेकर दोनों देशों के बीच एक समझौता हुआ है।
इस समझौते के तहत दोनों देशों के राजदूत 26 जनवरी तक अपने-अपने काम पर लौट जाएंगे। ईरान और पाकिस्तान ने सोमवार को इस बात की घोषणा की कि उनके राजदूत अपने ड्यूटी पर फिर से लौटेंगे।
तेहरान और इस्लामाबाद के संयुक्त बयान के मुताबिक, ईरान के विदेश मंत्री हुसैन अमीर-अब्दुल्लाहियान 29 जनवरी को पाकिस्तान का दौरा करेंगे। पाकिस्तान के विदेश मंत्री जलील अब्बास जिलानी और अमीर-अब्दुल्लाहियन के बीच फोन पर हुई बातचीत के बाद इस दौरे की घोषणा की गई। गौर तलब है कि दो-तीन दिन पहले ही पाकिस्तान के विदेश मंत्री जिलानी ने अपने ईरानी समकक्ष से फोन पर बात की थी। इस दौरान उन्होंने तनाव को कम करने की इच्छा जताई थी।