17 जनवरी 2024 - 04:30
ईरान की एयरस्ट्राइक से सकते में आया पाकिस्तान, तेहरान को दी चेतावनी

पाकिस्तानी सरकार ने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा कि हमारी संप्रभुता का उल्लंघन करना अस्वीकार्य है। इस कार्रवाई का अंजाम बुरा भी हो सकता है।


ईरान ने आतंकी संगठनों के खिलाफ बदले की कार्रवाई करते हुए सीरिया और इराक के बाद्द अब पाकिस्तान की सीमा में 50 किलोमीटर अंदर आतंकी गुट जैशे ज़ुल्म के दो ठिकानों को निशाना बनाते हुए उन्हें नष्ट कर दिया।

अपनी सीमा के अंदर ईरान की एयरस्ट्राइक से सकते में आए पाकिस्तान ने ईरानी दूतावास के अधिकारी को तलब कर अपना विरोध दर्ज कराया है।

पाकिस्तानी सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि ईरान ने अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगभग 50 किलोमीटर अंदर घुसकर कार्रवाई की है। पाकिस्तान की तरफ से आरोप लगाया गया है कि ईरान की कार्रवाई में बलूचिस्तान के पंजगुर जिले की एक मस्जिद को भी नुकसान पहुंचा है।

पाकिस्तानी सरकार ने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा कि हमारी संप्रभुता का उल्लंघन करना अस्वीकार्य है। इस कार्रवाई का अंजाम बुरा भी हो सकता है।

पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने कहा कि ईरान ने हमारे हवाईक्षेत्र का उल्लंघन किया है। हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं। ईरान को मालूम होना चाहिए कि इसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं। पाकिस्तान हमेशा कहता है कि आतंकवाद सभी देशों के लिए एक साझा खतरा है। इसके लिए मिलकर कार्रवाई की जा सकती है। एकतरफा कार्रवाई अच्छे पड़ोसी के लक्षण नहीं है। यह कार्रवाई द्विपक्षीय विश्वास को गंभीर रूप से कमजोर बनाती है।