2 जनवरी 2024 - 07:37
जापान में सुनामी की ऊंची लहरें, अब तक ज़लज़ले के 155 से ज़्यादा झटके

भीषण भूकंप में छह लोगों की मौत हो गई और एक मीटर से अधिक ऊंची सुनामी लहरें उठीं। भूकंप से घर क्षतिग्रस्त हो गए और भीषण आग लग गई, जिससे रात भर तबाही मची।

सोमवार को जापान में आए 7.6 की तीव्रता वाले भूकंप के बाद से अब तक करीब 155 बार भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। मौसम विज्ञान कार्यालय ने इसकी जानकारी दी है।

मौसम विज्ञान विभाग की रिपोर्ट के अनुसार ज्यादातर भूकंप रिक्टर पैमाने पर 3 से अधिक तीव्रता के थे। इस रिपोर्ट में कहा गया है कि हालांकि भूकंप की तीव्रता धीरे-धीरे कम हो गई है, फिर भी मंगलवार को कम से कम छह मजबूत झटके महसूस किए गए। इसके अलावा जापान के प्रधान मंत्री फुमियो किशिदा ने कहा कि नए साल के दिन मध्य जापान में आए भूकंप से व्यापक क्षति हुई और कई लोग हताहत हुए। उन्होंने कहा कि बचाव अधिकारी पीड़ितों की मदद करने में जुटे हुए हैं।

सोमवार को आए भीषण भूकंप में छह लोगों की मौत हो गई और एक मीटर से अधिक ऊंची सुनामी लहरें उठीं। भूकंप से घर क्षतिग्रस्त हो गए और भीषण आग लग गई, जिससे रात भर तबाही मची।