12 दिसंबर 2023 - 05:05
ग़ज़्ज़ा दौरे पर पहुंचा संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के सदस्य देशों का दल, जमीनी हालात बेहद खतरनाक

ग़ज़्ज़ा के जमीनी हालात जितने खराब बताए जा रहे हैं, वास्तव में उससे ज्यादा खराब हैं। उन्होंने कहा, लोगों को कई-कई दिनों तक खाना नहीं मिल रहा है। लोग हफ्तों से मामूली खाना-पानी में समय काट रहे हैं।

ग़ज़्ज़ा में मानवीय संकट की स्थिति को मौके पर जाकर देखने के लिए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के सदस्य देशों के एक दर्जन राजनयिक सोमवार को ग़ज़्ज़ा के सीमावर्ती कस्बे रफह के करीब पहुंचे। यह दल ग़ज़्ज़ा के नजदीक मिस्र के आरिश कस्बे में विमान से उतरा वहां से यह ग़ज़्ज़ा के रफह कस्बे के लिए बढ़ा जहां लाखों फिलिस्तीनियों ने शरण ले रखी है।

रास्ते में मिले संयुक्त राष्ट्र फिलिस्तीनी शरणार्थी एजेंसी के अधिकारियों ने दल को ग़ज़्ज़ा के जमीनी हालात के बारे में जानकारी दी। दल के सदस्य और संयुक्त राष्ट्र में इक्वाडोर के प्रतिनिधि जो डिला गासा ने बताया कि ग़ज़्ज़ा के जमीनी हालात जितने खराब बताए जा रहे हैं, वास्तव में उससे ज्यादा खराब हैं। उन्होंने कहा, लोगों को कई-कई दिनों तक खाना नहीं मिल रहा है। लोग हफ्तों से मामूली खाना-पानी में समय काट रहे हैं। उधर ग़ज़्ज़ा की स्थिति पर विचार के लिए मंगलवार को न्यूयार्क में संयुक्त राष्ट्र आमसभा की बैठक होगी।