बंगाल की खाड़ी में उठा भीषण चक्रवाती तूफान मिचौंग मंगलवार दोपहर 100 किमी की गति से आंध्र प्रदेश में नेल्लोर और कवाली के बीच बापटला के पास तट से टकराया। इसके प्रभाव से आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों के अलावा चेन्नई में भी भारी बारिश हुई है।
चेन्नई के निचले इलाके पानी में डूब गए हैं। दोनों राज्यों में 70 से अधिक उड़ानें और करीब 200 ट्रेनों का संचालन रद्द करना पड़ा है। तटीय इलाकों से 10,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। ओडिशा के तटीय इलाकों में भी भारी बारिश हो रही है। एनडीआरआफ की 29 टीमों के साथ ही राज्य की विभिन्न एजेंसियां राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं।
भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, मिचौंग दोपहर 12:30 से 2:30 बजे के बीच तट से टकराया। उस समय समुद्र में एक से डेढ़ मीटर ऊंची लहरें उठ रही थीं और तेज हवाएं चल रही थीं।
आंध्र प्रदेश में नेल्लोर सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है। विजयवाड़ा, तिरुपति व विशाखापट्टनम में हवाई यातायात और रेल सेवाओं पर असर पड़ा है। 51 उड़ानें व 100 से ज्यादा ट्रेनें रद्द हुईं। तमिलनाडु में भी 20 से ज्यादा उड़ानें व लगभग 100 ट्रेनें रद्द की गई हैं। हालांकि, चेन्नई एयरपोर्ट खोल दिया गया है। बारिश के चलते यहां 21 विमान और 1,500 से ज्यादा यात्री फंसे थे।
पांच दिसंबर को जारी एक विज्ञप्ति में, ग्रेटर चेन्नई पुलिस ने कहा कि शहर में चक्रवात के कारण आई बाढ़ के कारण विभिन्न घटनाओं में 17 लोगों की मौत की सूचना है।