21 नवंबर 2023 - 16:30
इस्राईल के सीधे हमले में दो लेबनानी पत्रकार और एक अन्य नागरिक शहीद।

ज़ायोनी सेना ने दक्षिणी लेबनान के तैर हर्फ़ा ग्रामीण इलाक़े पर हमला कर दिया जिसमें अलमयादीन टीवी चैनल की पत्रकार फ़रह उमर और कैमरामैन रबी अलमेमारी शहीद हो गए जबकि एक आम नागरिक भी इस हमले में शहीद हो गया।

अलमयादीन टीवी चैनल के प्रबंध निदेशक ग़स्सान बिन जदू ने कहा कि इस्राईल के सीधे हमले में हमारे दोनों साथी शहीद हुए हैं।

उन्होंने कहा कि इस्राईल ने हमारे पत्रकार साथियों की गाड़ी पर यह जानते हुए सीधा हमला किया कि यह पत्रकारों की गाड़ी है।

ग़स्सान बिन जदू ने इस्राईली अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि तुम हमारी आवाज़ बंद नहीं कर सकते तुम जितना चाहो क़त्ल करते जाओ हम अपना काम करते रहेंगे।

उन्होंने कहा कि लेबनान में जो कुछ हो रहा है वह वास्तव में एक जंग और सही अर्थों में साहसी प्रतिरोध है।

इससे पहले गत 13 अक्तूबर को भी ज़ायोनी सेना ने इल्मश्शाब इलाक़े में मीडिया की टीम पर हमला किया था जिसमें रोयटर्ज़ का कैमरामैन मारा गया था जबकि कई पत्रकार घायल हो गए थे।

मंगलवार को ही इस्राईली सेना के हमले में एक लेबनानी महिला नागरिक शहीद हुई और दो लोग घायल हुए थे। यह हमला कफ़र केला इलाक़े में हुआ।

हमला होने से एक घंटा पहले पत्रकार फ़रह उमर ने दक्षिणी लेबनान से रिपोर्ट देते हुए हालात का ब्योरा दिया था।

इससे पहले हिज़्बुल्लाह ने इस्राईली सैनिक ठिकानों पर हमले की सूचना दी थी और बताया था कि हमने उचित हथियारों से इस्राईली सेना के ठिकाने पर हमला किया जिसमें इस्राईली सैनिक निशाना बने हैं।

हिज़्बुल्लाह ने इसके अलावा भी इस्राईली सेना के कई ठिकानों पर हमले किए और इस्राईल के दो ड्रोन विमानों को मार गिराया।