फिलिस्तीन के खिलाफ अमेरिका के समर्थन से इस्राईल की बर्बर फौजी कार्रवाई की दुनिया भर में आलोचना हो रही है। इस्राईल की ओर से जारी नरसंहार को अमेरिका के खुल्लम खुल्ला भरपूर समर्थन के कारण बाइडन प्रशासन को चारों ओर आलोचना का सामना करना पड़ है।
इस बीच ग़ज़्ज़ा में युद्धविराम की मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों ने मंगलवार को सीनेट की सुनवाई के दौरान अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन के सामने प्रदर्शन किया। कई लोग भीड़ में खड़े होकर बार-बार “अभी युद्धविराम करो के नारे लगा रहे थे।
अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन उस समय ग़ुस्से से लाल हो गए, जब वह सीनेट समिति की एक बैठक में भाषण दे रहे थे। ब्लिंकन और अमेरिकी रक्षा सचिव लॉयड ऑस्टिन व्हाइट हाउस के 106 अरब डॉलर को लेकर नेशनल सिक्योरिटी फंडिंग रिक्वेस्ट के बारे में गवाही दे रहे थे। इसमें इस्राईल को 14.3 अरब डॉलर की सैन्य सहायता भी शामिल हैं।
भाषण के बीच ही प्रदर्शनकारी एक-एक करके खड़े हुए और प्रदर्शन करने लगे। राज्य सचिव रुके और सांसदों को कई बार सुनवाई स्थगित करने के लिए मजबूर होना पड़ा। हालांकि कैपिटल पुलिस ने तुरंत प्रदर्शनकारियों को कमरे से बाहर निकाल दिया। पुलिस ने कहा कि डर्कसन सीनेट कार्यालय भवन के अंदर अवैध रूप से विरोध प्रदर्शन करने के आरोप में 12 लोगों को गिरफ़्तार किया है। कार्यवाही में बाधा डालने वालों में से कुछ युद्ध-विरोधी समूह ‘कोडपिंक’ से जुड़े थे, जो पहले भी यूक्रेन को अमेरिका से हथियार आपूर्ति बंद करने की मांग करता रहा है।