13 अक्टूबर 2023 - 16:32
इस्राईल से स्वदेश लौटे 212 भारतीय।

इस्राईल की राजधानी तेल अवीव से भारतीय नागरिकों का पहला जत्था आज नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी इंटरनेशल एयरपोर्ट पर पहुंचा जहां केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने इन यात्रियों का स्वागत किया।

भारत सरकार ने अपने उन नागिरकों की वापसी को सुविधाजनक बनाने के लिए ‘ऑपरेशन अजय’ शुरू किया है जो स्वदेश लौटना चाहते हैं। इससे पहले विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने बताया कि हम हालात पर नजर रखे हुए हैं। उन्होंने कहा कि लगभग 18,000 भारतीय में इस्राईल में रह रहे हैं, जबकि लगभग 12 लोग वेस्ट बैंक में और तीन-चार लोग गज़्ज़ा पट्टी में हैं।

सात अक्टूबर को हमास ने इस्राईल के खिलाफ अलअक़सा तूफान नामक ऑप्रेशन आरंभ किया था जिसके बाद एअर इंडिया ने तुरंत अपनी उड़ानें रोक दी थी। जो लोग भी इस्राईल से वापस लौट रहे हैं उन्हें कोई किराया नहीं देना पड़ रहा है। सरकार उनकी वापसी का खर्च वहन कर रही है। इससे पहले तेल अवीव से ‘ऑपरेशन अजय’ के तहत संचालित होने वाली विशेष उड़ान में चढ़ने के लिए हवाई अड्डे पर छात्रों सहित भारतीयों की लंबी कतार दिखी।

भारत सरकार ने बुधवार को ‘ऑपरेशन अजय’ शुरू करने की घोषणा की थी। विदेश मंत्री जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा था कि इस्राईल से लौटने के इच्छुक हमारे नागरिकों की वापसी की सुविधा के लिए ‘ऑपरेशन अजय शुरू किया जा रहा है। विशेष चार्टर उड़ानें और अन्य व्यवस्थाएं की जा रही हैं।  विदेश मंत्री ने जोर देकर कहा कि हम विदेश में अपने नागरिकों की सुरक्षा और भलाई के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं।

इस मौके पर केंद्रीय मंत्री राजीव चन्द्रशेखर ने कहा कि हमारी सरकार किसी भी भारतीय को कभी पीछे नहीं छोड़ेगी। हमारी सरकार, प्रधानमंत्री उनकी सुरक्षा के लिए, उन्हें सुरक्षित घर वापस लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।