सीरिया पर तुर्की के हमले के बाद अल-हस्का प्रांत के तल तमर इलाके में बिजली ट्रांसमिशन प्लांट को बंद कर दिया गया है ताकि आवासीय क्षेत्रों और आसपास के गांवों के निवासियों का दैनिक जीवन प्रभावित न हो।
रिपोर्ट के मुताबिक, अल-हस्का इलेक्ट्रिसिटी कंपनी के महाप्रबंधक सालेह इदरीस ने बताया है कि तुर्की सेना ने तल तमर के बाहरी इलाके में उम्मुल-कैफ क्षेत्र में बिजली संयंत्र की मुख्य लाइन को निशाना बनाया।
इदरीस ने कहा कि बिजली कंपनी की इंजीनियरिंग टीमें ट्रांसमिशन लाइन की मरम्मत करने और क्षेत्र में सामान्य स्थिति को बनाए रखने और आम नागरिकों को बुनियादी सेवाएं प्रदान करने के लिए जल्द से जल्द तल तमर पावर प्लांट में बिजली बहाल करने के लिए कड़ी मेहनत कर रही हैं।
यह पहली बार नहीं है कि तुर्की ने सीरिया के इलाकों को अपने हमलों का निशाना बनाया है। सीरियाई सूत्रों ने कुछ समय पहले उत्तरी सीरिया पर भी तुर्की के तोपखाने हमलों की सूचना दी थी।
सूत्रों के अनुसार तुर्की तोपखाने ने रक्का के उत्तर में ऐन ईसा शहर में अद-दब्स और अल-खाल्दियाह गांवों के बाहरी इलाके और एम4 अंतरराष्ट्रीय रोड पर भी गोलाबारी की।
इसके अलावा, तुर्की बलों ने रक्का के उत्तरी बाहरी इलाके में अमेरिका समर्थित एसडीएफ बलों द्वारा नियंत्रित क्षेत्रों को मोर्टार से निशाना बनाया। सीरियाई सूत्रों ने कहा कि इन हमलों के परिणामस्वरूप बड़े पैमाने पर आग लगी लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ। इससे पहले तुर्की तोपखाने ने अलप्पो से अल-हस्का तक की मुख्य सड़क को पर भी जमकर गोलाबारी की थी।
तुर्की के ये हमले ऐसे समय में हो रहे हैं जब सीरिया के उप विदेश मंत्री अयमन सोसान ने कजाकिस्तान की राजधानी में इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान, रूस, सीरिया और तुर्की के उप विदेश मंत्रियों की मौजूदगी में अस्ताना बैठक के 20वें दौर को संबोधित करते हुए सीरिया से तुर्की सेना की वापसी की आवश्यकता पर जोर दिया था। उन्होंने कहा कि, दोनों देशों के बीच किसी भी प्रकार के संबंध स्थापित करने का एकमात्र तरीका सीरिया से तुर्की सेना की वापसी है।