23 अगस्त 2023 - 06:28
अफ़ग़ान पाकिस्तान बॉर्डर पर झड़प, पाकिस्तान के 6 सैनिकों की मौत

30 जनवरी को पेशावर की एक मस्जिद में दोपहर की नमाज के दौरान टीटीपी के एक आत्मघाती हमलावर ने खुद को उड़ा लिया था, जिसमें 101 लोगों की मौत हो गई थी और 200 से अधिक लोग घायल हो गए थे।


पाकिस्तान सेना ने अपने बयान में अफ़ग़ान बॉर्डर के क़रीब तहरीके तालिबान पाकिस्तान के आतंकी हमलों में अपने 6 सैनिकों के मारे जाने की खबर दी है।

पाकिस्तानी सेना ने जानकारी देते हुए कहा कि अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के आतंकवादियों ने मंगलवार को सुरक्षा बलों के एक काफिले पर हमला कर दिया, जिसमें कम से कम छह पाकिस्तानी सैनिक और चार आतंकवादी मारे गए।

सेना की मीडिया शाखा इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) ने बताया कि यह हमला अफगानिस्तान की सीमा से लगे दक्षिणी वजीरिस्तान के अस्मान मांजा इलाके में उस समय हुआ, जब टीटीपी के हथियारबंद आतंकियों ने एक काफिले पर गोलीबारी की जिसमें छह सैनिकों की मौत हो गई।

आईएसपीआर ने बताया कि जवाबी कार्रवाई में चार आतंकवादी मारे गए, जबकि दो घायल हो गए। प्रतिबंधित टीटीपी ने हमले की जिम्मेदारी ली है। टीटीपी की स्थापना 2007 में कई आतंकवादी संगठनों के समूह के रूप में की गई थी।

पिछले महीने खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में टीटीपी आतंकवादियों ने एक पुलिस चौकी पर हमला किया था जिसमें दो पुलिसकर्मियों की मौत हो गई थी और कई घायल हो गए थे। 30 जनवरी को पेशावर की एक मस्जिद में दोपहर की नमाज के दौरान टीटीपी के एक आत्मघाती हमलावर ने खुद को उड़ा लिया था, जिसमें 101 लोगों की मौत हो गई थी और 200 से अधिक लोग घायल हो गए थे।

फरवरी में भी टीटीपी आतंकवादियों ने पाकिस्तान के सबसे अधिक आबादी वाले शहर कराची में पुलिस प्रमुख के कार्यालय पर हमला कर दिया था, जिसके बाद हुई गोलीबारी में तीन विद्रोही और दो पुलिस कांस्टेबलों सहित चार अन्य लोग मारे गए थे।