10 अगस्त 2023 - 07:16
अमेरिकी सैनिकों की हरकत पर नजर, कड़ी प्रतिक्रिया के लिए तैयार

अल-कादरी ने कहा कि यमनी तटरक्षक बल दुश्मन के किसी भी आक्रमण का जवाब देने के लिए तैयार है और किसी को भी यमनी जल सीमा में प्रवेश करने और आक्रमण करने की अनुमति नहीं देगा।


ईरान के साथ तनाव के नाम पर लाल सागर में अमेरिकी सैन्य हलचल पर प्रतिक्रिया देते हुए यमनी तटरक्षक कमांडर ने कहा है कि हम अमेरिका की किसी भी शरारत का जवाब देने के लिए तैयार हैं।

 यमनी तट रक्षक बल के कमांडर मोहम्मद अल-कादरी ने लाल सागर और बाब अल-मंदब जलडमरूमध्य में अमेरिकी सेना की गतिविधि पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यदि अमेरिकी सेना यमन के जलक्षेत्र तक पहुंचती है, तो तट रक्षक बल सुरक्षात्मक कदम उठाएगा और किसी भी आक्रामकता का जवाब देने के लिए तैयार है।

यमनी तट रक्षक बल के कमांडर ने कहा कि तट रक्षक बल अमेरिकी सेना के स्वेज नहर में प्रवेश करने के बाद से अमेरिकी सैनिकों की गतिविधियों पर नजर रखे है और उन्हें हमारे जलक्षेत्र में प्रवेश करने की अनुमति नहीं देंगे।

उन्होंने लाल सागर और बाब अल-मंदब जलडमरूमध्य में अमेरिकी और ज़ायोनी फौजों की उत्तेजक उपस्थिति का उल्लेख करते हुए स्पष्ट किया कि यमनी नौसेना आश्चर्यजनक क्षमताओं के साथ कठोर कदम उठाने के लिए तैयार है जो दुश्मन को किसी भी हमले से रोक देगी।

यमनी तटरक्षक बल के कमांडर ने कहा कि यमनी नौसेना ने युद्धविराम के दौरान अभूतपूर्व तरीके से अपनी क्षमताओं को बढ़ाने और अपनी सेना को मज़बूत करने के लिए काम किया है और दुश्मन के लिए हमारी ताक़त और तैयारियां आश्चर्यजनक होगी।

अल-कादरी ने कहा कि यमनी तटरक्षक बल दुश्मन के किसी भी आक्रमण का जवाब देने के लिए तैयार है और किसी को भी यमनी जल सीमा में प्रवेश करने और आक्रमण करने की अनुमति नहीं देगा।

गौरतलब है कि इससे पहले यमन की नेशनल साल्वेशन सरकार के उप विदेश मंत्री हुसैन अल-उज़्ज़ा ने एक बयान में क्षेत्र में अमेरिकी सैनिकों को मौजूदगी को शांति और समुद्र सुरक्षा के खिलाफ बताया था। उन्होंने संयुक्त राज्य अमेरिका और यमन के बीच मौजूदा समुद्री स्थिति को युद्ध की स्थिति बताया।

यमनी मंत्री ने संयुक्त राज्य अमेरिका को यमनी सरकार की चेतावनी को लाल सागर में जहाज़ों की आवाजाही की सुरक्षा पर यमन के ध्यान का परिणाम बताया, और कहा कि दुनिया का सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग समझे जाने वाले लाल सागर में जहाज़रानी की सुरक्षा, सभी पक्षों के लिए चिंता का विषय है। सभी को उत्तेजक सैन्य कार्रवाइयों से बचने की जरूरत है।

यमन की राष्ट्रीय मुक्ति सरकार के उप विदेश मंत्री ने कहा कि संयुक्त राज्य अमेरिका की मध्य पूर्व को लेकर बनाई गयी योजना क्षेत्र के लोगों की सतर्कता के कारण व्यावहारिक रूप से विफल हो गई है और अमेरिकियों को अपने वर्चस्ववादी व्यवहार पर पुनर्विचार करना चाहिए।