फिलिस्तीन पर क़ाबिज़ ज़ायोनी लॉबी ने एक बार फिर अल-अक्सा मस्जिद के खिलाफ संगठित साजिशें शुरू कर दी हैं और मस्जिद के आसपास मुसलमानों के घरों पर कब्जा करना शुरू कर दिया है।
कुद्स शरीफ के पुराने हिस्से में, विशेष रूप से मस्जिदे अक़्सा के आसपास के मोहल्लों में फिलिस्तीनी लोगों के घरों पर ज़ायोनी सरकार की ओर से तेज़ी से क़ब्ज़ा किये जाने की हरकतों पर फिलिस्तीन के राष्ट्रीय और इस्लामी संगठनों ने कुद्स शरीफ की इस्लामी और अरबी प्रकृति की रक्षा करने और इसका विरोध करने की तत्काल आवश्यकता पर बल दिया है।
मस्जिदे अक़्सा के पास "अकबा अल-खालिदिया" और "अल-सराया" नामक मुस्लिम इलाकों को ज़ायोनी बस्तियों में तब्दील किया जा रहा है।
इससे पहले भी, अल-अक्सा मस्जिद के पास स्थित इब्ने लैस परिवार के घरों पर भी अप्रवासी ज़ायोनी लोगों ने कब्जा कर लिया था। इन घरों के मालिकों को बलपूर्वक बाहर निकाल दिया गया और ज़ायोनी लोगों ने उनके घरों पर कब्ज़ा कर लिया और उस पर ज़ायोनी सरकार का झंडा फहरा दिया।
फ़िलिस्तीन के राष्ट्रीय और इस्लामी संगठनों ने कुद्स शरीफ़ के पुराने हिस्से में फ़िलिस्तीनी घरों पर कब्ज़ा करने के इस ज़ायोनी अभियान के बारे में इस्लामी उम्माह को चेतावनी दी है, और इस आक्रामकता को अल-अक्सा मस्जिद से सटे क्षेत्रों को सैन्य बैरकों में बदलने के अभियान का हिस्सा बताया है। फ़िलिस्तीनी पार्टियों का कहना है कि इज़रायल इस क्षेत्र को सैन्य छावनी में तब्दील करके अल-अक्सा मस्जिद में नमाज़ियों की आवाजाही को प्रतिबंधित करना चाहता है।
मक़बूज़ा फ़िलिस्तीनी मुद्दों के विशेषज्ञ "मोहम्मद अब्द रब्बा" ने अल-आलम रिपोर्टर से बात करते हुए कहा कि अल-अक्सा मस्जिद के आसपास का यह क्षेत्र ज़ायोनी लॉबी की योजनाओं और हैकले सुलेमानी के निर्माण की उनकी साजिश के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। यहाँ कुछ तल्मूदी केंद्र भी हैं जहाँ इन चरमपंथियों को प्रशिक्षित किया जाता है। मस्जिद के आस पास के इलाक़े और यहाँ की इमारतों और घरों पर कब्ज़ा उन्हें अपने लक्ष्य के करीब कर देगा।
फिलिस्तीन के एक राजनीतिक कार्यकर्ता "अहमद अदिला" ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा: "हम यहीं रहेंगे" चाहे वे हमारे रास्ते में कितनी भी बाधाएँ क्यों न डालें, हम फिर भी डटे रहेंगे। चाहे ज़ायोनी हमें अल-अक्सा मस्जिद में प्रवेश करने से रोकने के लिए कितने भी कदम उठाएँ, हम अल-कुद्स और अल-अक्सा मस्जिद के प्रति वफादार रहेंगे।