ईरान के राष्ट्रपति सय्यद इब्राहीम रईसी अपनी तीन अफ्रीकी देशों की बहुचर्चित यात्रा ख़त्म करने के बाद तेहरान पहुँच गए हैं। केन्या, युगांडा और ज़िम्बाब्वे की सफल यात्रा के बाद रईसी ने हरारे से तेहरान के लिए फ्लाइट पकड़ी। इस यात्रा पर ईरान और तीन अफ़्रीक़ी देशों के बीच 21 सहयोग समझौतों पर हस्ताक्षर हुए।
इस यात्रा के दौरान, राष्ट्रपति राईसी ने केन्या, युगांडा और ज़िम्बाब्वे के अपने समकक्षों से मुलाक़ात के अलावा कुछ व्यापारियों, आर्थिक और शैक्षणिक संस्थाओं और गणमान्य लोगों से भी मुलाक़ात की।
बताते चलें कि इब्राहीम रईसी के नेतृत्व वाली ईरान सरकार आर्थिक बहुपक्षवाद पर आधारित व्यापक व संतुलित विदेश नीति के अंतर्गत अफ़्रीक़ी देशों के साथ संबंधों के विस्तार पर भी गंभीरता से ध्यान दे रही है। विशाल अफ़्रीक़ी बाज़ार ईरानी सामान बेचने के लिए एक उपयुक्त मंच है। ऐसे में ईरान की विदेश नीति में अफ़्रीक़ी महाद्वीप का एक खास स्थान है।