ईरान के सशस्त्र बलों के चीफ ऑफ़ द जनरल स्टाफ मेजर जनरल मोहम्मद बाक़ेरी ने उत्तरी इराक में अलगाववादी आतंकवादी संगठनों को लेकर बगदाद सरकार को चेतावनी देते हुए कहा है कि उसे तेहरान से किए गए अपने वादों को लागू करना चाहिए और इन संगठनों को रोकना चाहिए।
मेजर जनरल मुहम्मद बाक़ेरी ने मशहद में आईआरजीसी बलों के वरिष्ठ अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा है कि हमारी रक्षा कूटनीति बेहतरीन तरीके से काम कर रही है. आज हम कई पड़ोसी देशों के साथ समझौतों पर हस्ताक्षर कर रहे हैं। जिसके परिणामस्वरूप सुरक्षा एवं मैत्रीपूर्ण संबंध बढ़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यह एग्रीमेंट और समझौते इस तथ्य पर आधारित हैं कि क्षेत्र में शांति और व्यवस्था बनाए रखने के लिए बाहरी हस्तक्षेप की कोई आवश्यकता नहीं है और ज़ायोनी लॉबी के लिए इस क्षेत्र में कोई स्थान नहीं है।
उन्होंने ईरान की सीमा सुरक्षा स्थिति को पहले से काफी बेहतर बताते हुए कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि हमारे कुछ पड़ोसी देश सीमा सुरक्षा के मामले में अपनी जिम्मेदारियां नहीं निभा रहे हैं. उत्तरी इराक में सशस्त्र अलगाववादी समूह हैं जो हमारी सीमाओं पर असुरक्षा और अशांति फैला रहे हैं।
आईआरजीसी ने देश की सीमाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इन संगठनों के खिलाफ ड्रोन और मिसाइल हमले किए, इराकी सरकार ने हमसे वादा किया था कि वे सितंबर तक इन संगठनों के खिलाफ अभियान चलाएंगे, उन्हें ईरान विरोधी गतिविधियों से रोकेंगे। बगदाद के वादे पर विश्वास करते हुए हम सितंबर तक इंतजार करेंगे।
उन्होंने कहा कि हमें उम्मीद है कि इराकी सरकार अपने दायित्वों को पूरा करेगी, लेकिन अगर यह समय बीतने के बाद भी इन सशस्त्र अलगाववादी आतंकवादी संगठनों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई और ईरान विरोधी गतिविधिया जारी रही, तो हम निश्चित रूप से देश द्रोही तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करेंगे।