9 मई 2023 - 12:28
इस्राईल के हाथों इस्लामी जिहाद के 3 वरिष्ठ कमांडरों, पत्नियों और बच्चों की हत्या पर ईरान की कड़ी प्रतिक्रिया

ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नासिर कनानी ने इस्राईल द्वारा ग़ज्ज़ा में जिहादे इस्लामी के तीन कमांडरों, उनकी पत्नियों और बच्चों की हत्या की कड़ी निंदा की है।

ज़ायोनी सेना ने सोमवार को हवाई हमला करके बच्चों और महिलाओं समेत जिहादे इस्लामी के तीन कमांडरों को शहीद कर दिया।

इस्राईल ने ग़ज्ज़ा के केन्द्र में स्थित एक आवासीय इमारत पर बमबारी की, जिसमें कम से कम 12 लोगों की शहादत हो गई।

इस्राईली सेना ने एक बयान जारी करके कहा है कि इस हमले में उसके 40 लड़ाकू और ड्रोन विमानों ने हिस्सा लिया था।

कनानी का कहना था कि यह बर्बरतापूर्ण हमला नकबा डे से ठीक पहले किया गया है, जिससे पता चलता है कि ज़ायोनी शासन, फ़िलिस्तीनी युवाओं के प्रतिरोध के मुक़ाबले में बेबस और मजबूर है। दूसरी ओर इस्राईल की आंतरिक समस्याओं से लोगों का ध्यान भटकाने का प्रयास है।

ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि ज़ायोनी शासन के अत्याचारों और अपराधों के बारे में विश्व समुदाय की चुप्पी ने उसे अधिक दुस्साहस बना दिया है और वह खुलेआम मानवाधिकारों और अंतरराष्ट्रीय क़ानूनों की धज्जियां उड़ा रहा है। msm

342/