9 मई 2023 - 12:25
अमेरिकी राष्ट्रपति ने एक साल के लिए और बढ़ाया सीरिया के खिलाफ राष्ट्रीय आपातकाल

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने सीरिया के राष्ट्रपति बश्शार असद की कानूनी सरकार के खिलाफ प्रतिबंधों को बरकरार रखते हुए वहां के लिए घोषित राष्ट्रीय आपातकाल को और एक साल बढ़ा दिया है।

व्हाइट हाउस ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करके यह जानकारी दी। बाइडेन ने सोमवार को जारी विज्ञप्ति में कहा कि राष्ट्रीय आपात अधिनियम की धारा 202 (डी) के अनुसार, मैं सीरिया सरकार के संबंध में घोषित राष्ट्रीय आपातकाल को एक साल के लिए जारी रख रहा हूं।

बाइडेन ने सीरिया के अरब लीग में लौटने के बाद उस पर अमेरिकी राष्ट्रीय आपातकाल को बढ़ा दिया। अरब लीग के विदेश मंत्रियों ने रविवार को इस संघ में सीरिया की सदस्यता के बहाल करने की घोषणा की थी। सीरिया की सदस्यता 2011 में निलंबित कर दी गई थी।

उल्लेखनीय है कि सीरिया में युद्ध छिड़ने के बाद 22 देशों की अरब लीग ने 2011 में सीरिया की सदस्यता निलंबित कर दी थी। अरब लीग के कई सदस्य देशों ने सीरिया के राष्ट्रपति बश्शार असद की नीतियों के विरोध में सीरिया से अपने राजदूतों को वापस बुला लिया और उनकी सरकार पर विरोधियों के दमन का आरोप लगाया था। उनमें से कुछ देशों ने सीरिया के साथ फिर से जुड़ने और अपने संबंधित दूतावासों को फिर से खोलने के लिए कदम उठाने शुरू कर दिए हैं।

ज्ञात रहे कि रविवार को मिस्र की राजधानी काहेरा में अरब संघ के विदेशमंत्रियों की बैठक हुई थी जिसमें सीरिया की सदस्यता बहाल किये जाने का एलान किया था। MM

342/