2 मई 2023 - 14:13
क्या बड़ी जंग की तैयारी कर रहे हैं फ़िलिस्तीनी, इस्राईल में हाई अलर्ट, अगले 48 घंटे होंगे अहम?

इस्राईली सेना ने इस्राली जेल में बंद फ़िलिस्तीनी क़ैदी ख़िज़्र अदनान की शहादत के बाद प्रतिरोधकर्ताओं के मीज़ाइल हमलों के भय से पूरे इस्राईल में हाई अलर्ट घोषित कर दिया है जबकि ग़ज़्ज़ा पट्टी में आज सुबह होने वाले सैन्य अभ्यास को अगली सूचना तक के लिए स्थगित कर दिया।

इस्राईली रेडियो ने इस बारे में अपनी रिपोर्ट में कहा कि आज सुबह ग़ज़्ज़ा पट्टी की सीमा से लगे क्षेत्र में होने वाले युद्धाभ्यास को क्षेत्र पर मीज़ाइल हमलों के भय से रद्द कर दिया गया।

इस्राईली सेना के प्रवक्ता ने आज सुबह ही ग़ज़्ज़ा से इस्राईली ठिकानों पर तीन मीज़ाइलों के फ़ायर किए जाने की सूचना दी है।

फ़िलिस्तीनी मीडिया ने आज ही इस्राईली प्रशासन द्वारा लापरवाही किए जाने की वजह से इस्राईल की जेल में बंद जेहादे इस्लामी के सीनियर नेता की शहादत की सूचना दी है।

उधर फ़िलिस्तीन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इस्राईली जेल में ख़िज़्र अदानान की शहादत पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि इस्राईल को एसा जवाब मिलेगा जिसकी उसने कभी कल्पना भी नहीं की होगी।

उनका कहना था कि अगले 48 घंटे बहुत ही निर्णायक हैं और इस बारे में फ़िलिस्तीनी प्रतिरोधकर्ताओं के बीच संवेदनशील बैठक होगी।

फ़िलिस्तीन के एक सीनियर नेता ने अपना नाम गुप्त रखने की शर्त पर राय अल-यौम से बात करते हुए कहा कि इस्राईल को इस जघन्य अपराध का जवाब ज़रूर दिया जाएगा और हम उसे एसा जवाब देंगे जिस पर इस्राईल को यक़ीन ही नहीं होगा।

फ़िलिस्तीन के इस नेता ने कहा कि नेतनयाहू के कट्टरपंथी मंत्रीमंडल ने बड़ी मूर्खता से शहद की मक्खी के छत्ते में हाथ डाल दिया है और इस अपराध का उसे जवाब ज़रूर मिलेगा, ग़ज़्ज़ा पट्टी उबल रहा है और फ़िलिस्तीनी गुटों के बीच संवेदनशील बैठक होगी और उसी में इसका जवाब देने के बारे में अहम फ़ैसले किए जाएंगे।

उनका कहना था कि अगले 48 घंटे बहुत ही निर्णायक होंगे और संभव है कि जेहादे इस्लामी तुरंत ही इस अपराध का जवाब दे दे। उनका कहना था कि ख़िज़्र अदनान की शहादत ने सीमावर्ती इलाक़े को विस्फोटित कर दिया है और पूरे फ़िलिस्तीन की स्थिति जटिल हो गयी है।

फ़िलिस्तीनी नेता का कहना था कि हो सकता है कि मिस्र बीच में कूद पड़े और फ़िलिस्तीनी नेताओं से संपर्क करके हालात को नियंत्रित करने का प्रयास करे और उन्हें जवाबी कार्यवाही से रोकने की कोशिश करे क्योंकि हालात एक असीमित जंग की ओर बढ़ रहे हैं।  शैख़ ख़िज़्र अदनान ने इस्राईल की जेल में 86 दिन पहले भूख हड़ताल शुरू की थी और उनकी शारीरिक स्थिति के बिगड़ने के बावजूद इस्राईली अदालत ने उन्हें आज़ाद नहीं किया। जेहादे इस्लामी के नेता ख़िज़ अदनान वेस्ट बैंक के रहने वाले थे। (AK)

342/