29 अप्रैल 2023 - 20:35
हिज़्बुल्लाह ने ईरान की तारीफ़ की, क्षेत्र के लोगों को उज्जवल भविष्य की शुभ सूचना दी

लेबनान के इस्लामी प्रतिरोध आंदोलन हिज़्बुल्लाह के महासचिव सैयद हसन नसरुल्लाह ने कहा कि ज़ायोनी शासन में बढ़ते आंतरिक मतभेदों और विभाजनों का पाया जाना, अतिग्रहणकारी ज़ायोनी शासन की कमज़ोरी की निशानी है।

इर्ना की रिपोर्ट के अनुसार लेबनान के इस्लामी प्रतिरोध आंदोलन हिज़्बुल्लाह के महासचिव सैयद हसन नसरुल्लाह ने शुक्रवार शाम इस्लामी गणराज्य ईरान के विदेश मंत्री से मुलाक़ात में अवैध अधिकृत फ़िलिस्तीन से संबंधित घटनाक्रमों सहित नवीनतम क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय हालात पर चर्चा की।

उनका कहना था कि दुश्मनों के दबाव के बावजूद, आज प्रतिरोध लेबनान और फिलिस्तीन में सबसे अच्छी और सबसे मज़बूत पोज़ीशन में है जबकि ज़ायोनी शासन हालिया वर्षों में अपनी सबसे ख़राब और सबसे कमज़ोर स्थिति में है।

सैयद हसन नसरुल्लाह ने क्षेत्र में शांति, स्थिरता और सुरक्षा स्थापित करने में मदद करने में ईरान के सुप्रीम लीडर, सरकार और जनता के नज़रिए की प्रशंसा करते हुए कहा कि जो परिवर्तन हुए हैं उनके दृष्टिगत एक उज्ज्वल और सफल भविष्य क्षेत्रीय लोगों की प्रतीक्षा में है।

हिज़बुल्लाह के महासचिव सैयद हसन नसरुल्लाह ने प्रतिरोधकर्ता गुटों और फ़िलिस्तीनी जनता के वीरतापूर्ण प्रतिरोध, बैतुल मुक़द्दस में इस्लामी पवित्र स्थलों के समर्थन में वैश्विक एकता और एकजुटता को हालिया घटनाक्रमों का हिस्सा क़रार दिया।

उन्होंने ने तेहरान और रियाज़ के बीच समझौते की ओर इशारा करते हुए क्षेत्र पर इसके सकारात्मक प्रभावों पर बल दिया। इस मुलाक़ात में कुछ अन्य अहम क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी चर्चा हुई। (AK)

 342/