नेतनयाहू के अतिवादी मंत्रीमण्डल का विरोध खुलकर इस्राईल के भीतर किया जा रहा है। वहां के आम लोग और कई राजनेता भी अब खुलकर नेतनयाहू के विरोध में आ चुके हैं।
अलमयादीन टीवी चैनेल के अनुसार अवैध ज़ायोनी शासन के पूर्व युद्धमंत्री एविडगोर लिबरमैन ने इस शासन के वर्तमान प्रधानमंत्री को संबोधित करते हुए कहा है कि तुमने इस्राईल की प्रतिरोधक शक्ति को नष्ट कर दिया। उन्होंने कहा कि नेतनयाहू इस शासन को विनाश की ओर ले जा रहे हैं।
लिबरमैन के अनुसार क्षेत्र में इस्लामी प्रतिरोध के नेताओं के मुक़ाबले में नेतनयाहू की नीतियों ने इस्राईल की प्रतिरोधक क्षमता को नष्ट कर दिया है। पिछले कुछ सप्ताहों के दौरान ज़ायोनी शासन के तेलअवीव, हैफा, बैतुल मुक़द्दस, रीशून, बेअरुस्सबअ, लेत्सियून और हर्तज़लिया जैसे नगरों में नेतनयाहू विरोधी प्रदर्शन हो रहे हैं। यह लोग नेतनयाहू के अतिवादी मंत्रीमण्डल के खिलाफ लंबे समय से सड़को पर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
ज़ायोनी शासन के विपक्षी नेताओं का वहां की सरकार पर आरोप है कि न्यायपालिका को कमज़ोर करने के लिए वह तथाकथित न्यायिक सुधारों के लिए बिल ला रही है। कुछ टीकाकारों का यह भी कहना है कि स्वयं को भ्रष्टाचार के केसों से बचाने के लिए नेतनयाहू, न्यायिक सुधारों की बात कर रहे हैं क्योंकि उनपर भ्रष्टाचार के जो आरोप हैं उनके कारण उनको जेल की हवा खानी पड़ सकती है।
342/