17 फ़रवरी 2023 - 12:09
इमाम काज़िम की शहादत के मौके ज़ाएरीन पर हमले की साज़िश नाकाम, 12 आतंकी हलाक

इमाम काज़िम की शहादत के दिन काज़मैन आने वाले ज़ाएरीन की हिफाज़त को यक़ीनी बनाने के लिए सुरक्षा एजेंसियों ने गहन सर्च अभियान चलाते हुए 12 आतंकियों को हलाक कर दिया जो ज़ाएरीन पर हमले की फ़िराक़ में थे।



रसूले इस्लाम के सातवें जानशीन इमाम काज़िम अस की शहादत के मौक़े पर उमड़ने वाली करोड़ों ज़ाएरीन की भीड़ को निशाना बनाने की साज़िश को इराक की एंटी टेररिस्ट यूनिट ने नाकाम बना दिया है। 

इराक की जॉइंट ऑपरेशन्स कमांड के बयान के मुताबिक़ इमाम काज़िम की शहादत के दिन काज़मैन आने वाले ज़ाएरीन की हिफाज़त को यक़ीनी बनाने के लिए सुरक्षा एजेंसियों ने गहन सर्च अभियान चलाते हुए 12 आतंकियों को हलाक कर दिया जो ज़ाएरीन पर हमले की फ़िराक़ में थे। 

जॉइंट ऑपरेशन्स कमांड के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल "तहसीन अल-ख़फ़ाजी ने कहा कि इराकी फोर्सेज ने इमाम काज़िम के ज़ाएरीन की सुरक्षा को यक़ीनी बनाने के लिए बगदाद के उत्तर, पश्चिम, और दक्षिण पश्चिमी बग़दाद में कई ऑपरेशन चलते हुए आतंकियों के ठिकानों पर हवाई हमले किये जिसमे कम से कम 12 आतंकी मारे गए। उन्होंने कहा कि हम अब भी सिर्फ बगदाद में ही नहीं बल्कि बगदाद के बाहर भी काज़मैन की ओर आने वाले रास्तों पर सर्च अभियान शुरू कर सकते हैं। 

उन्होंने कहा कि इमाम के ज़ाएरीन की बढ़ती तादाद और उनकी हिफाज़त को यक़ीनी बनाने के लिए हमने सभी सुरक्षा एजेंसियों के साथ तालमेल बेहतर करने के लिए बैठक की और सबकी उनकी ज़िम्मेदारियों के बारे में ज़रूरी दिशा निर्देश जारी कर दिए गए हैं। 

ग़ौर तलब है कि बग़दाद हेडक़्वार्टर ने दो दिन पहले ही खबर देते हुए कहा था कि हमने ज़ाएरीन की खिदमत और सुरक्षा के लिए दो प्लान तैयार किये हैं और इस काम के लिए 4 हज़ार जवानों को तैनात कर दिया गया है। 

बग़दाद ऑपरेशन कमान ने कहा है कि हम सिक्योरिटी के कड़े इंतज़ाम के बाद भी रास्ते बंद नहीं कर सकते। ज़ाएरीन की खिदमत के लिए 5 हज़ार मौक़िब होंगे।